दुष्कर्म मामले का फरार आरोपित गिरफ्तार, भेजा गया जेल
प्रयागराज, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कैंट थाने की पुलिस टीम ने बुधवार को दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित कैंट थाना क्षेत्र के नेवादा अशोक नगर निवासी आशीष पाल पुत्र मक्खन पाल है। इसके खिलाफ कैंट थाने में इस वर्ष धारा 64/324(2)/352/351(3) बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद से पुलिस टीम इसकी तलाश कर रही थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपित का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
आगे बताया कि वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कैंट पुलिस टीम को सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में निरीक्षक एस.एम. कासिम, उपनिरीक्षक रवीन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक निखिल कुमार एवं कांस्टेबल मनीष कुमार की अहम भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

