अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 46.1 किलो गांजा के साथ पांच आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 12 जुलाई (हि. स.)। राजधानी रायपुर में पुलिस ने रविवार को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के कब्जे से 46.100 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और एक सुजुकी एक्सेस वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और टिकरापारा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कमल विहार रोड स्थित शिव मंदिर के सामने नीलगिरी प्लांटेशन के पास तीन संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके वाहन में रखी तीन बोरियों और एक बैग से 46.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कमलेश सोनवानी, राजा टंडन और नीतू टंडन, निवासी पंडरी रायपुर के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि, गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले से लाया गया था। इसके बाद पुलिस ने सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़ते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन के पास से ओडिशा निवासी बनमाली तांडी और अनु तांडी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में कमलेश सोनवानी, राजा टंडन और नीतू टंडन को उपलब्ध कराते थे, जहां से इसकी अवैध बिक्री और सप्लाई की जाती थी। इस कार्रवाई से गांजा तस्करी की पूरी सप्लाई चेन ध्वस्त होने का दावा पुलिस ने किया है।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ टिकरापारा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) (ii) (सी) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित कमलेश सोनवानी के खिलाफ रायपुर और महासमुंद में पहले से एनडीपीएस एक्ट के चार मामले दर्ज हैं। वहीं राजा टंडन भी ओडिशा में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पहले जेल जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

