रेप और पॉक्सो एक्ट के मामले में 04 साल से फरार 25 हजार का इनामी इबादुर्रहमान मुम्बई से गिरफ्तार
मुरादाबाद, 22 अक्टूबर (हि. स.)। मुरादाबाद जिले के थाना कांठ पुलिस ने रेप और पॉक्सो एक्ट के मामले में चार साल से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी आरोपित इबादुर्रहमान को मुम्बई से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने उत्तराखंड निवासी महिला की दस वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी के घर वालों ने भी उसका साथ दिया था। इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि उत्तराखंड के हरिद्वार की रहने वाली महिला ने 3 मई 2022 को कांठ के मुर्गा मार्केट कब्रिस्तान के पास रहने वाले इबदुर्रहमान, उसकी मां नूरजहां, पिता वासीउद्दीन, बहन गुलजार समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
दर्ज रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया था कि वह विधवा महिला है। आरोपी इबदुर्रहमान उसके साथ लिवइन में रह रहा था। आरोपी ने पीड़िता की दस वर्षीय बेटी के साथ अश्लीलता और दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर बालिका का मेडिकल और बयान कराया तो उसने रेप की बात कही। जिसके बाद मुकदमे में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई गई। पॉक्सो एक्ट भी लगाई गई थी। इस मामले में पुलिस ने विवेचना के बाद तीन आरोपितों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट लगा दी थी। जबकि मुख्य आरोपित इबादुर्रहमान साल 2022 से लगातार फरार चल रहा था। विशेष न्यायाशीध पॉक्सो कोर्ट नंबर-2 ने उसके खिलाफ स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। आरोपी की कुर्की कर दी गई थी, लेकिन फिर भी वह सामने नहीं आया। एसएसपी सतपाल अंतिल ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि सीओ कांठ सुनीता दहिया के मार्गदर्शन में एसएचओ कांठ सुदेशपाल सिंह व एसआई विष्णु कुमार की टीम ने ट्रैस किया तो पता चला कि आरोपी मुम्बई में फरारी काट रहा है। बीते 20 अक्तूबर को पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के मुम्बई के कुरार थाना क्षेत्र से आरोपी इबदुर्रहमान को गिरफ्तार कर लिया। वहां से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने मुरादाबाद लाकर उसे कोर्ट में पेश किया जहां से गुरुवार को जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

