दोस्त की बेटी को तीन माह तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोपित हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
मुरादाबाद, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से दोस्ती कर अलीगढ़ का हिस्ट्रीशीटर उसके घर तक पहुंच गया। व्यक्ति की बेटी को डरा-धमकाकर अपने साथ दिल्ली ले गया और तीन माह तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। आरोपित ने किशोरी के अश्लील फोटो उसकी मां को भी भेजे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को गुरुवार को हिरासत में लेकर किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
थाना सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन ने बताया कि अलीगढ़ जिले के पिसावा थाना क्षेत्र के बसेरा गांव निवासी राजकुमार उर्फ बिट्टू उर्फ अभिषेक की सिविल लाइंस क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाले व्यक्ति से दोस्ती हो गई थी। इसी के चलते उसका घर आना-जाना शुरू हो गया। कई बार आने के बाद वह पूरे परिवार से घुल-मिल गया और किशोरी को अपनी बेटी बताने लगा। आरोप है कि करीब तीन माह पहले वह किशोरी को डरा-धमकाकर अपने साथ ले गया और दिल्ली में बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने किशोरी के अश्लील फोटो उसकी मां को भी भेजे। शिकायत मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने आरोपित हिस्ट्रीशीटर को गुरुरवार को हिरासत में ले लिया।
इंस्पेक्टर सिविल लाइन के अनुसार आरोपित अलीगढ़ के पिसावा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस मुठभेड़, मादक पदार्थों की तस्करी और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में पिसावा और रुद्रपुर सहित कई थानों में 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस किशोरी को बरामद करने के बाद आरोपित से पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

