home page

आसनसोल में आरोपित को पकड़ने पहुंची पुलिस पर फायरिंग, फरार हुआ आरोपित

 | 
आसनसोल में आरोपित को पकड़ने पहुंची पुलिस पर फायरिंग, फरार हुआ आरोपित


आसनसोल, 25 नवंबर (हि. स.)। लूट समेत कई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपित को गिरफ्तार करने पहुंची आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस पर गोली चलाने का आरोप लगा है। पुलिस को निशाना बनाकर गोली चलाने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। घटना आसनसोल के इस्माइल इलाके की है, जहां इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित प्रताप दास को गिरफ्तार करने के लिए आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस की एक टीम इस्माइल इलाके में पहुंची थी। इसी दौरान आरोपित को पुलिस की मौजूदगी का आभास हो गया। आरोप है कि उसने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग कर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। फरार आरोपित की तलाश में आसनसोल दक्षिण थाना और हीरापुर थाना पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चला रही है। आसपास के इलाकों में सघन तलाशी और निगरानी की जा रही है।

पुलिस पर गोली चलाने की इस घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की आधिकारिक सूचना अब तक सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा