मारपीट और चाकूबाजी के फरार आरोपित फैज खान पर की ₹5,000 के इनाम की उद्घोषणा
रायगढ़ , 24 नवंबर (हि.स.)। खरसिया बस स्टैंड के पास युवक के साथ मारपीट एवं चाकूबाजी की घटना में शामिल फरार आरोपित फैज खान उर्फ फैजान अहमद की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वाराआज एक उद्घोषणा जारी की गई है।आरोपित फैज खान उर्फ फैजान अहमद पिता मुस्ताक खान, उम्र 25 वर्ष, निवासी सिविल लाइन खरसिया, चौकी खरसिया, जिला रायगढ़ के संबंध में सूचना देने अथवा उसकी गिरफ्तारी में पुलिस की मदद करने वाले व्यक्ति को ₹5,000 (पांच हजार रुपये) का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
मारपीट के अपराध को लेकर आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद व एक अन्य आरोपित के विरूद्ध थाना खरसिया (चौकी खरसिया) में अपराध क्रमांक 569/2026, धारा 296, 351(3), 109, 118(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है । अपराध विवेचना में मारपीट में शामिल एक आरोपित की गिरफ्तारी की जा चुकी है । आरोपित फैज खान उर्फ फैजान अहमद की गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस दबिश दे रही है ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आरोपित फैज खान उर्फ फैजान अहमद पिता मुस्ताक खान उम्र 25 वर्ष निवासी सिविल लाईन खरसिया, चौकी खरसिया जिला – रायगढ़ के संबंध में कहा है पकड़वाने में जो कोई व्यक्ति पुलिस का किसी प्रकार से मदद करेगा या ऐसी सूचना देगा जिसके आधार पर आरोपित की गिरफ्तारी हो सके, उस व्यक्ति को 5,000/- रूपये (पांच हजार रूपये) के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जावेगा । सूचना देने वाले का नाम सर्वथा गोपनीय रखा जावेगा । पुरस्कार विवरण के संबंध में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ का निर्णय अंतिम होगा ।
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

