थाने में युवक को बेरहमी से पीटने वाला दीवान लाइन हाजिर
पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से किया लाइन हाजिरहमीरपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मुस्करा थाना परिसर के भीतर एक बेकसूर युवक की लाठियों से बेरहमी से पिटाई करने वाले आरोपित दीवान (मुख्य आरक्षी) दिनेश प्रसाद पर आखिरकार बुधवार को कानून का हंटर चल गया है। मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपित दीवान को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
मामला मुस्करा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पहाड़ी का है। रविवार शाम को शराब पिलाने को लेकर दो पक्षों (भगवान राजपूत और बाबू राजपूत) के बीच मामूली विवाद हो गया था। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने उस वक्त मामला शांत करा दिया, लेकिन बाद में दोनों पक्ष तहरीर देने कोतवाली पहुंच गए। विवाद के दूसरे पक्ष बाबू राजपूत के साथ उनका भतीजा हेमंत राजपूत भी कोतवाली आया हुआ था। हेमंत का आरोप है कि रात करीब 10:30 बजे वह अपने चाचा के साथ कोतवाली के बाहर बैठा था। उसका इस पूरे विवाद या तहरीर से कोई लेना-देना नहीं था और न ही उसका नाम दर्ज था। हेमंत ने मीडिया को बताया कि इसी दौरान कोतवाली में तैनात दीवान (मुख्य आरक्षी) दिनेश प्रसाद कथित रूप से शराब के नशे में धुत होकर आए और गाली-गलौज करने लगे। वह जबरन हेमंत को खींचकर थाने के अंदर ले गए और बिना किसी कसूर के लाठियों से उसकी बेरहम पिटाई शुरू कर दी।
लाठियों के प्रहार से हेमंत के हाथ, पंजे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं और शरीर पर लाल निशान पड़ गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बीच-बचाव कर युवक को बचाया। अगले दिन सोमवार को घायल हेमंत को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहाँ डॉ. संतोष राजपूत ने उसका प्राथमिक उपचार किया जैसे ही यह गंभीर मामला पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के संज्ञान में आया, उन्होंने पीड़ित हेमंत कुमार को न्याय दिलाते हुए आरोपित पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को बताया कि युवक के साथ मारपीट करने के मामले में दोषी मुख्य आरक्षी को लाइनहाजिर कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

