home page

फोटो स्टेटस में डालकर युवती को बदनाम करने वाला आराेपित गिरफ्तार

 | 
फोटो स्टेटस में डालकर युवती को बदनाम करने वाला आराेपित गिरफ्तार


रायगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। युवती से छेड़खानी करने और उसकी फोटो मोबाइल स्टेटस पर डालकर बदनाम करने की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर आज शनिवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती (20 वर्ष) ने 27 नवम्बर को महिला थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब दो वर्ष पूर्व से उसकी आरोपित अजीत मालाकार (24 वर्ष) निवासी ग्राम सेमरा, पुसौर, वर्तमान पता चांदमारी, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़ से जान-पहचान थी और दोनों आपस में बातचीत करते थे। इसकी जानकारी परिजनों को होने के बाद युवती ने आरोपित से दूरी बना ली थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपित लगातार फोन कर उसे परेशान करता था।

युवती ने बताया कि 04 नवम्बर को सुबह करीब 11 बजे आरोपित उसके घर पहुंचा और बातचीत नहीं करने पर बदनाम करने की धमकी देते हुए गलत नीयत से उसका हाथ एवं बांह पकड़कर छेड़खानी की। इतना ही नहीं, आरोपित ने उसकी फोटो अपने मोबाइल के स्टेटस पर डालकर उसे बदनाम करने का प्रयास भी किया। युवती की लिखित शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 105/2026, धारा 78(1)(ii), 74 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की। पुलिस टीम ने आरोपित के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान