महादेव मंदिर में शिवलिंग क्षतिग्रस्त करने वाला आरोपित 24 घंटे में गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
चित्तौड़गढ़, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में स्थित चौवटा के महादेव मंदिर में शिवलिंग को क्षतिग्रस्त करने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल की रात भाटोली बागरियान स्थित मंदिर में अज्ञात व्यक्ति ने शिवलिंग को नुकसान पहुंचाया गया था। इस संबंध में 3 अप्रैल को प्रार्थी नारायण लाल ने मंगलवाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देश पर एएसपी सरिता सिंह और डीवाईएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में विशेष टीमों का गठन किया गया। मामले में थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में गठित टीमों ने आस-पास के गांव भाटोली बागरियान, परेश्वरपुरा, देवाखेड़ा, नंगाखेड़ा और चिकारड़ा में संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान संदिग्ध ताराचंद (36), निवासी भाटोली बागरियान को डिटेन कर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। इसमें उसने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपित ताराचंद मेघवाल को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ पूर्व में थाना डूंगला में महिला अत्याचार से संबंधित मामला भी न्यायालय में विचाराधीन है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

