डकैती की वारदात से पहले पुलिस की कार्रवाई, ऑटोमैटिक पिस्तौल के साथ पकड़ा उदयपुर का बदमाश
चित्तौड़गढ़, 04 अगस्त (हि.स.)। जिले की बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे बदमाशों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार इसके कब्जे से एक ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक धारदार चाकू एवं वारदात में प्रयुक्त कार जब्त की है। पुलिस कार्रवाई के दौरान चार आरोपी मौके से फरार हो गए, जिन्हें प्रकरण में नामजद कर उनकी तलाश की जा रही है। फरार आरोपियों में उदयपुर के हिस्ट्रीशीटर बदमाश शामिल हैं, जो कि वांछित चल रहे थे।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि एएसपी चित्तौड़गढ़ गजेन्द्र सिंह जोधा के निर्देशन में व पुलिस उप अधीक्षक बडीसादडी हरिशचन्द्र सिंह के सुपरविजन में बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने कार्यवाही की। थाने के एएसआई लीलाराम मय जाप्ता के गश्त करते हुवे पारलिया - कीरतपुरा रोड पर पानी की टंकी के पास पहुंचे। यहां पानी की टंकी के पास सड़क पर सफेद रंग की कार खड़ी थी। इसके अंदर व्यक्ति बैठे, जो कि मुखबिर की सूचना के अनुसार डकैती की योजना बना रहे थे। यह आरोपी सरकारी वाहन एवं पुलिस को देख कर पानी की टंकी की तरफ खेतों में भागे। इनका पीछा करते हुए एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया। इसने अपना नाम आहीद पुत्र अकरम खान निवासी अलीपुरा मस्जिद के पास भोपालपुरा मठ पुलिस थाना भोपालपुरा जिला उदयपुर हाल निवासी राजसंमद बताया। पुलिस ने मौके से फरार आरोपियों के बारे में भी जानकारी ली। उक्त चारों आरोपियों को प्रकरण में नामजद कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आहीद एवं उसके मौके से भागे हुए साथियों की कब्जे शुदा कार की तलाशी में गियर बॉक्स के पास एक चाकू मिला। कार के डेशबोर्ड के अन्दर एक देशी पिस्टल मय मैगजीन जिसके अन्दर चार जिन्दा कारतूस मिले। इन्हें भी पुलिस ने नियमानुसार जब्त किया। आरोपित आहीद को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।
सभी आरोपियों का अपराधिक रिकॉर्ड, एचएस भी शामिल
पुलिस ने प्रकरण में गिरफ्तार किए आहीद सहित अन्य का अपराधिक रिकॉर्ड है। साथ ही कई थानों में वांछित होकर फरारी काट रहे हैं। आहिद के विरूद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट एवं हत्या का प्रयास के प्रकरण दर्ज होकर गैर ट्रायल है। वहीं मौके से फरार शादाब पुत्र शहजाद शाह निवासी मावली व गुलबहादुर पुत्र बेहराम खान निवासी सराडा दोनों ही हिस्ट्रीशीटर है। इसके अलावा बोहेड़ा निवासी साहिल एमडी के मामले में फरार चल रहा है। एक अन्य आरोपित खांजी पीर निवासी अनीश उर्फ चावल लूट के मामले सूरजपोल थाने में वांछित चल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

