home page

हत्यारोपी साले व उसके साथी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

 | 
हत्यारोपी साले व उसके साथी को पुलिस ने किया गिरफ्तार


हमीरपुर, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिवांर थानाक्षेत्र के पाटनपुर गांव में जीजा की गोली मारकर हत्या करने वाले चचेरे साले और उसके साथी को पुलिस ने आलाकत्ल के साथ शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। मृतक के पिता ने दो नामजद सहित तीन रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद से पुलिस की टीमें हत्यारोपितों की तलाश में जुटी हुई थी।

बिवांर थानाक्षेत्र के पाटनपुर गांव निवासी सचिन सिंह उर्फ शैलेंद्र मौदहा के मराठीपुरा मोहल्ले में परिवार के साथ रहता था। बुधवार शाम पत्नी वर्षा की मौसी के पुत्र की शादी में शामिल होने छानी गांव में स्थित गेस्ट हाउस आया हुआ था। जहां उसका चचेरे साले शिवेंद्र उर्फ बउआ से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी खुन्नस के चलते शिवेंद्र ने देर रात अपने साथियों के साथ मिलकर सचिन की गोली मारकर हत्या कर दी और इसे दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को हाईवे पर फेंक कर फरार हो गया था। मृतक के पिता शुभकरन सिंह ने थाने में सचिन के चचेरे साले शिवेंद्र सिंह उर्फ बउआ व दीपक को नामजद करते हुए एक अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

सीओ आरपी पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने शिवेन्द्र उर्फ बउवा व दीपक सिंह चंदेल को हत्या में प्रयुक्त 15 बोर के तमंचा व एक अदद खोखा के साथ महेरा मोड़ पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा