home page

रायपुर : देशी कट्टा लेकर लोगों को भयभीत करने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
रायपुर : देशी कट्टा लेकर लोगों को भयभीत करने वाला आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने आज शनिवार को अवैध हथियार लेकर लोगों को भयभीत करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक लोहे का देशी कट्टा बरामद किया है। आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, अवैध हथियार रखने और उनका प्रदर्शन कर भय का वातावरण बनाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

आज 29 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि, एक व्यक्ति देशी कट्टा लेकर क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को दिखाकर उन्हें भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुरानी बस्ती पुलिस और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे युवक को पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम मोहम्मद अमीरुद्दीन उर्फ जीशान (26 वर्ष), चांदनी चौक, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक नग लोहे का देशी कट्टा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 446/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर