home page

रायपुर : टाटीबंध चौक के पास 10.59 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपित गिरफ्तार

 | 
रायपुर : टाटीबंध चौक के पास 10.59 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपित गिरफ्तार


-बाइक-स्मार्टफोन समेत 1.50 लाख का माल जब्त

रायपुर, 28 अगस्त (हि. स.)। रायपुर पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत आमानाका थाना पुलिस ने हेरोइन/चिट्टा की तस्करी एवं बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 10.59 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1,05,900 बताई गई है। इसके साथ ही मोटरसाइकिल, स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार कुल जब्ती की कीमत करीब 1,50,900 है।

शुक्रवार को पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को आमानाका थाना पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि, टाटीबंध चौक के पास एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ हेरोइन/चिट्टा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपित की पहचान घनश्याम कौशिक उर्फ गड्डू (39वर्ष ), पिता परदेशी कौशिक, निवासी मटिया तालाब दुर्गा मंदिर के पास, टाटीबंध, थाना आमानाका, जिला रायपुर के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपित की विधिवत तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 10.59 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा मोटरसाइकिल, एक स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन जब्त की गई।

आरोपित के खिलाफ थाना आमानाका में धारा 21(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपित को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर