home page

पामगढ़ में मवेशी तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, 19 मवेशियों के साथ आरोपित गिरफ्तार

 | 
पामगढ़ में मवेशी तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, 19 मवेशियों के साथ आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 06 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में अवैध रूप से मवेशियों को बिक्री के लिए ले जाने के मामले में पामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आज एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 07 भैंसी और 12 भैंस समेत कुल 19 मवेशी बरामद किए हैं। जब्त मवेशियों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, थाना पामगढ़ को सूचना मिली थी कि ग्राम बोरसी निवासी रामसागर महिलांगे उर्फ ढुलू (55 वर्ष) अपने साथियों के साथ मवेशियों को मारते-पीटते और बिना चारा-पानी के हांकते हुए बिक्री के लिए ग्राम डोंगाकोहरौद की ओर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में पामगढ़ पुलिस टीम ने डोंगाकोहरौद क्षेत्र में कार्रवाई कर आरोपित रामसागर महिलांगे उर्फ ढुलू को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत कार्रवाई की और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, सउनि कृष्ण कुमार कोशले, प्रधान आरक्षक राजेश कोशले तथा आरक्षक भुनेश्वर पटेल और सीताराम सूर्यवंशी का सराहनीय योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT