दो अवैध देशी पिस्टल के साथ बड़ौद पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार
आगरमालवा, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ौद पुलिस ने दो अवैध देशी पिस्टल के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 65 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ौद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खंदवास में डग रोड स्थित राधास्वामी आश्रम के पास एक व्यक्ति काले रंग का बैग लेकर खड़ा है। उसके बैग में पिस्टल रखी हुई हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र पंचों की मौजूदगी में सूचना का पंचनामा तैयार किया और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की।
इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति आश्रम के पास सड़क किनारे काले रंग का बैग टांगे खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आमिर खान (28), पिता शाबीर खान, निवासी फुटला तालाब, अंजड़, जिला बड़वानी बताया।
पुलिस ने आरोपित के बैग की तलाशी ली तो उसमें दो देशी पिस्टल मिलीं। हथियारों के लाइसेंस के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में दोनों पिस्टलों की फायरिंग पिन और ट्रिगर चालू हालत में पाए गए।
पुलिस ने दोनों पिस्टल विधिवत जब्त कर सीलबंद कीं। आरोपित के विरुद्ध थाना बड़ौद में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। आरोपित को गिरफ्तार कर जब्त हथियार थाने के मालखाने में जमा करा दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

