home page

पति-बच्चों की हत्या की धमकी देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
पति-बच्चों की हत्या की धमकी देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपित गिरफ्तार


कांकेर, 01 अगस्त (हि.स.)। कांकेर जिले के रावघाट थाना क्षेत्र में एक महिला को उसके पति व बच्चों की हत्या करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने वाला फरार आराेपित कृष्ण कुमार देहारी (28 वर्ष), निवासी ग्राम मुनगापदर कोलर को आज शनिवार काे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आराेपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आराेपित को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रावघाट थाना क्षेत्र की एक विवाहित महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आराेपित ने उसे डराया-धमकाया और उसके पति व बच्चों की हत्या करने की धमकी देकर जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कांकेर एसपी निखिल राखेचा के मार्गदर्शन में रावघाट पुलिस, अंतागढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान आराेपित लगातार अपना मोबाइल बंद कर ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर आराेपित का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आराेपित कृष्ण कुमार देहारी ने अपराध स्वीकार कर लिया है।पुलिस ने आराेपित के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त किया है। आराेपित के खिलाफ थाना रावघाट में अपराध क्रमांक 06/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 64(2) एवं 351(2) के अंतर्गत कार्रवाई उपरांत न्यायिक रिमांड पर रवाना किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रावघाट निरीक्षक रामकुमार साव, साइबर सेल कांकेर के यशवंत श्याम, थाना प्रभारी अंतागढ़ कोमल भूषण पटेल, पीएसआई लता सिंह सहित आरक्षक राजेश्वर उइके, मयाराम, थलेश्वर का याेगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे