home page

बलौदा में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी का आरोपित गिरफ्तार, करीब सात हजार का माल बरामद

 | 
बलौदा में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी का आरोपित गिरफ्तार, करीब सात हजार का माल बरामद


जांजगीर-चांपा, 10 सितम्बर (हि. स.)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर सिल्वर के बर्तन, लोहे की कढ़ाई और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी किए गए बर्तन बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई है। आरोपित को गिरफ्तार कर आज गुरुवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम हरदी महामाया निवासी अनिल ने 9 सितंबर 2026 को थाना बलौदा में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे अपने घर का दरवाजा बंद कर तालाब में नहाने गया था। कुछ समय बाद जब वह वापस घर लौटा तो रसोई में रखे सिल्वर के गंज, कढ़ाई, थाली, कटोरी, चम्मच और लोहे की कढ़ाई समेत आलमारी में रखी 3,200 रुपये की नकदी गायब मिली। घर का सामान अस्त-व्यस्त था और चोरी होने की जानकारी मिलने पर उसने पुलिस को सूचना दी।

रिपोर्ट पर बलौदा पुलिस ने अपराध क्रमांक 450/2026 के तहत धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्धों की पतासाजी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जर्वे हरदी निवासी रामू वर्मा घटना के समय प्रार्थी के घर के आसपास घूमता देखा गया था।

मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रामू वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपित ने सूने मकान में घुसकर रसोई में रखे सिल्वर के गंज, लोहे की कढ़ाई, थाली, कटोरी और चम्मच सहित आलमारी में रखी नकदी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपित ने पुलिस को बताया कि चोरी की नकदी उसने खर्च कर दी, जबकि चोरी किए गए बर्तनों को अपने घर में बिस्तर के नीचे छिपाकर रखा था।

आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सिल्वर के बर्तन, लोहे की कढ़ाई सहित अन्य सामान बरामद कर लिया। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपित रामू वर्मा, उम्र 33 वर्ष, निवासी जर्वे हरदी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे, संदीप सोनंत, प्रहलाद निर्मलकर सहित थाना बलौदा पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT