युवती पर चाकू से हमला करने वाला आरोपित गिरफ्तार
कोंडागांव, 29 मार्च (हि.स.)। जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में चाकू से युवती पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी लकी सिंग को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है। 26 मार्च को सूचना मिली थी कि एक युवती को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशकाल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़िता से पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि आरोपित लकी सिंग से पूर्व में बातचीत थी, जिसे परिवार के मना करने पर उसने बंद कर दिया था। घटना की रात करीब 9:30 बजे गांधी मार्ट के पास आरोपित ने रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया। बचाव के दौरान युवती के हाथ और जांघ में चोट आई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपित की तलाश शुरू की और सायबर टीम की मदद से उसे आज रविवार काे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने पूछताछ में जुर्म कबूल कर लिया है। उक्त सम्पूर्ण कार्रवाई में उपनिरीक्षक गुलाब टण्डन, सउनि सुरेश मरकाम, आरक्षक कमलेश कंवर, दीपक ध्रुव, रामेश्वर देहारी एवं सायबर की टीम सायबर प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, प्रआर, अजय बघेल, आर. संतोष कोडोपी का याेगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

