रायपुर : चाकू की नोक पर लूट की दो वारदातों का खुलासा, छह आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। खमतराई थाना पुलिस ने चाकू (फरसा) की नोक पर हुई लूट की दो अलग-अलग वारदातों का गुरुवार को खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में प्रयुक्त धारदार फरसा बरामद किया है। साथ ही चोरी का मोबाइल खरीदने वाले आरोपित के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गुरुवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना 20 जून 2026 की रात करीब 1:40 बजे डीआरएम ऑफिस के पास हुई थी। मोटरसाइकिल सवार युवक को फरसा दिखाकर रोक लिया गया और उससे मोबाइल फोन तथा 1,800 रुपये लूट लिए गए। दूसरी घटना 6 जुलाई 2026 की रात करीब 12:30 बजे वॉल्टेयर लाइन के पास हुई, जहां एक्टिवा सवार और एक हाईवा चालक को चाकू दिखाकर दो मोबाइल फोन एवं 1,750 रुपये लूटकर आरोपित फरार हो गए थे।
दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर खमतराई पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की। पूछताछ में आरोपितों ने दोनों लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर तीन मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार फरसा बरामद किया। लूट का मोबाइल खरीदने वाले आरोपित के विरुद्ध भी संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों प्रकरणों में कुल लगभग 54,998 रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों में जयराज ताण्डी (20वर्ष), करन नायक (18वर्ष), दिनेश सोना (23वर्ष), कृष्णा उर्फ अर्जुन उर्फ बाबू (19वर्ष), बबलू महानंद (34वर्ष) तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। सभी आरोपित खमतराई थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

