home page

(अपडेट) नाबालिग से दुष्कर्म और नवजात की बिक्री मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार

 | 
(अपडेट) नाबालिग से दुष्कर्म और नवजात की बिक्री मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म, फर्जी दस्तावेज बनाकर प्रसव कराने और नवजात शिशु की अवैध बिक्री के मामले में दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

बुधवार को पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि नाबालिग के नवजात बच्चे को पंखाजूर, कांकेर निवासी सुब्रत बिश्वास को बेचा गया था। वहीं, नाबालिग की उम्र अधिक दिखाने के लिए पूनम सागरिया ने मोबाइल फोन से उसका फर्जी आधार कार्ड बनाया था।

पुलिस ने सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सुब्रत बिश्वास ने नवजात को खरीदने और पूनम सागरिया ने फर्जी आधार कार्ड बनाने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने सुब्रत बिश्वास के कब्जे से नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे की सुरक्षा और देखभाल के लिए उसे रायपुर की मातृछाया संस्था में रखा गया है। गिरफ्तार आरोपितों में सुब्रत बिश्वास, निवासी प्रेम नगर कापसी कांकेर, पूनम सागरिया, निवासी कालीबाड़ी, रायपुर है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के पास से मामले से जुड़े दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस अब जब्त सामान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है तथा अन्य आरोपितों की भूमिका भी पता की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर