home page

नाबालिग बालिका के अपहरण मामले में आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा

 | 
नाबालिग बालिका के अपहरण मामले में आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा


जांजगीर-चांपा, 08 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद करने के बाद मामले में आरोपित धर्मेंद्र काठे (35 वर्ष), निवासी भदरा उपर, थाना पामगढ़ को गिरफ्तार कर आज गुरुवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर की रात नाबालिग बालिका के लापता होने की सूचना परिजनों की ओर से थाना पामगढ़ में दी गई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने अपहरण का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बालिका की तलाश शुरू की और जांच के दौरान उसे सकुशल बरामद कर लिया।

विवेचना के दौरान पुलिस को मामले में धर्मेंद्र काठे की संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT