बलरामपुर : शराब तस्करी के चार वर्ष पुराने मामले में आरोपित यूपी से गिरफ्तार

 | 
बलरामपुर : शराब तस्करी के चार वर्ष पुराने मामले में आरोपित यूपी से गिरफ्तार


बलरामपुर, 29 मार्च (हि.स.)। जिले के रामानुजगंज पुलिस को चार वर्ष पुराने शराब तस्करी मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शराब तस्करी के चार वर्ष पुराने मामले में फरार चल रहे अरुण सिंह को यूपी के कासगंज जिले से गिरफ्तार कर आज शनिवार को जेल भेज दी है।

पुलिस के द्वारा आज शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 18 जनवरी 2021 को रामानुजगंज पुलिस को भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब परिवहन करने की सूचना पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए 900 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की थी। पुलिस नाकेबंदी के दौरान आरोपित अरुण सिंह फरार हो गया था।

रामानुजगंज पुलिस आरोपित की तलाश लगातार कर रही थी लेकिन पुलिस के शिकंजे से अरुण सिंह लगातार फरार चल रहा था। चार साल बाद पुलिस को अब इसमें बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते दिनों एसपी के निर्देश पर फरार अरुण सिंह की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम तैयार की गई और विभिन्न स्थानों पर टीम को रवाना किया गया। मुखबिरों की सूचना पर रामानुजगंज पुलिस यूपी के कासगंज जिले पहुंची। जहां आरोपित अरुण सिंह को पकड़ने के लिए पुलिस भेष बदलकर लगातार रेकी कर रही थी। जिसका फायदा भी मिला। आरोपित अरुण सिंह को हिरासत में लेकर रामानुजगंज थाना लाई। जहां 900 लीटर अवैध शराब की तस्करी के मामले में पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार किया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आज शनिवार को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।

इस कार्रवाई में रामानुजगंज थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी, सहायक उप निरीक्षक शिवशरण पैकरा, प्रधान आरक्षक नारायण तिवारी, मायापति सिंह एवं सायबर सेल से नागेन्द्र पाण्डेय, राजकमल का महत्तपूर्ण योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पाण्डेय