गौकशी मामले में वांछित मनोज दोहरे पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, साथी फरार
-लिटिल दोहरे और प्रेमबाबू पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार, तमंचा व बाइक बरामद।
औरैया, 01 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गौकशी प्रकरण के वांछित आरोपित मनोज दोहरे को शनिवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत सामान्य है। वहीं, उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया कि 31 जुलाई को सूचना पर दलेलनगर की ओर जाने वाली टूटी सड़क पर आम के बाग के पास दबिश दी गई थी। वहां से लिटिल दोहरे (19) और प्रेमबाबू उर्फ रामू दोहरे (42) को करीब 40 किलोग्राम संदिग्ध पशु मांस, तीन धारदार छुरियां, एक कुल्हाड़ी और तराजू सहित गिरफ्तार किया गया था। जबकि मनोज दोहरे समेत अन्य आरोपित मौके से फरार हो गए थे।
शनिवार को फरार आरोपितों की तलाश में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान रसूलपुर मोड़ के पास बाइक फिसल गई। एक आरोपित भाग निकला, जबकि मनोज दोहरे ने दोबारा फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध मांस का नमूना जांच के लिए सुरक्षित कराया गया है तथा शेष मांस को पशु चिकित्साधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। मामले में फरार अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपित मनोज दोहरे पर गौवध, गैंगस्टर समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

