दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा चूक के बाद बड़ा खुलासा, कार चालक मानसिक रूप से अस्थिर, उत्तरी दिल्ली से पकड़ा
नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा सुरक्षा चूक मामले में सामने आया है कि बैरिकेड तोड़कर घुसने वाली कार उप्र के पीलीभीत जिले में रजिस्टर्ड है और उसे चला रहा शख्स मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस ने कार समेत चालक और तीन अन्य लोगों को उत्तरी दिल्ली इलाके से हिरासत में ले लिया है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार दोपहर करीब 2 बजे एक नकाबपोश शख्स कार लेकर दिल्ली विधानसभा के वीआईपी गेट नंबर-2 से बैरिकेड तोड़ते हुए अंदर घुस गया था। उस समय गेट पर सुरक्षा बल तैनात होने के बावजूद आरोपित परिसर में दाखिल हो गया। वह सीधे स्पीकर कार्यालय की ओर बढ़ा और वहां एक गुलदस्ता व कुछ कागज रखकर मौके से फरार हो गया। घटना के समय विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता भी परिसर में मौजूद थे।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था। बम निरोधक दस्ता मौके पर बुलाया गया, हालांकि जांच में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इस घटना ने विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे, खासकर इसलिए क्योंकि हाल ही में विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकियां भी मिली थीं।
अब पुलिस जांच में सामने आया है कि कार पीलीभीत के पूरनपुर थाना क्षेत्र के निवासी 40 वर्षीय सर्वजीत सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सर्वजीत सिंह खुद ही कार चला रहा था और वह अपने एक रिश्तेदार की तलाश में पीलीभीत से दिल्ली आया था। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद कार दिल्ली यूनिवर्सिटी की ओर जाती हुई देखी गई थी। इसके आधार पर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया और नॉर्थ दिल्ली इलाके से कार को बरामद कर लिया। चालक समेत तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि घटना के पीछे कोई साजिश तो नहीं थी या यह सिर्फ एक व्यक्ति की हरकत थी। सुरक्षा एजेंसियां भी इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए समीक्षा कर रही हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

