home page

सूने मकान में चोरी करने वाले गिरोह के चार आरोपित गिरफ्तार, 3.79 लाख का माल बरामद

 | 
सूने मकान में चोरी करने वाले गिरोह के चार आरोपित गिरफ्तार, 3.79 लाख का माल बरामद


रायपुर, 6 नवंबर (हि. स.)। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने वाले गिरोह के चार आरोपितों को पुलिस ने आज शुक्रवार को गिरफ्तार किया है।

आरोपितों के कब्जे और निशानदेही पर पुलिस ने करीब 3 लाख 79 हजार रुपये का चोरी गया मशरूका बरामद किया है। इसमें 3 लाख 50 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 29 हजार रुपये नगद शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सीताराम गुप्ता (45), निवासी शुक्रवारी बाजार, बंजारी नगर, रावांभाठा, 19 अक्टूबर को दशहरा त्योहार मनाने परिवार सहित अपने गृहग्राम खटखरी, जिला मऊगंज (मध्यप्रदेश) गए थे। इस दौरान उन्होंने मकान में ताला लगा दिया था। 2 नवंबर को वापस लौटने पर मकान के मुख्य गेट और अंदर रखी आलमारी का ताला टूटा मिला। जांच करने पर लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब मिले। प्रार्थी ने चोरी गए सामान की कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई।

रिपोर्ट पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1163/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने और गवाहों के बयान लेने के बाद पुलिस ने संदेहियों की तलाश शुरू की। लगातार पतासाजी और पूछताछ के आधार पर सागर मलिक, मनीषा साहू, राहुल उर्फ ओमप्रकाश निर्मलकर और चेतन निषाद को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपितों ने अपने अन्य साथियों के साथ चोरी की योजना बनाकर रात में रॉड से मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने और आलमारी से जेवरात व नगदी चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरी के सामान को आपस में बांटने की जानकारी भी दी।

आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने 3.50 लाख रुपये के जेवरात और 29 हजार रुपये नगद बरामद किए। चारों आरोपितों को 6 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर