home page

बलौदा में कपड़ा दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपित गिरफ्तार, बच्चों के कपड़े और नगदी बरामद

 | 
बलौदा में कपड़ा दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपित गिरफ्तार, बच्चों के कपड़े और नगदी बरामद


जांजगीर-चांपा, 02 मार्च (हि.स.)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में कपड़ा दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपित को पुलिस ने कुछ ही घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए बच्चों के कपड़े और नगद 2857 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घटना 28 फरवरी 2026 की रात की है, जब बुडगहन चौक बलौदा स्थित एक कपड़ा दुकान का अज्ञात चोर ने ताला तोड़ दिया। दुकान के अंदर घुसकर बच्चों के कपड़े और नगदी चिल्लर रकम चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 96/2026 धारा 331(4), 305 (a) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना बलौदा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही विनोद देवार (20 वर्ष), निवासी देवार पारा बलौदा, को हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने आरोपित से कड़ाई और वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिस पर उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसके मेमोरेण्डम कथन के आधार पर चोरी किए गए बच्चों के कपड़े और नगद कुल 2857 रुपये बरामद कर पुलिस ने जब्त कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर आज सोमवार को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, उपनिरीक्षक कौशल सिदार, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT