जांजगीर-चांपा : चोरी का स्क्रैप कॉपर वायर खरीदने वाला आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 25 जुलाई (हि. स.)। जिले के चांपा थाना पुलिस ने चोरी के स्क्रैप कॉपर वायर की खरीद-फरोख्त करने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपित ने चोरी का माल खरीदा था। इससे पहले पुलिस चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान योगेश्वर कुमार साहू (34 वर्ष), निवासी जर्वे (च), थाना जांजगीर के रूप में हुई है। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 303(ए) एवं 317(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
मामला महामाया मोटर्स चांपा में हुई चोरी से जुड़ा है। संस्थान के प्रबंधक संदीप कुमार अग्रवाल ने 19 जुलाई 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वाहन रिपेयरिंग संस्थान में स्टॉक जांच के दौरान करीब 30 से 35 किलो स्क्रैप कॉपर वायर कम पाया गया है। चोरी गए वायर की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान संस्थान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें तीन अज्ञात युवक बाउंड्री फांदकर अंदर प्रवेश करते और कॉपर वायर चोरी करते दिखाई दिए।सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल मुख्य आरोपित बिरजू सूर्यवंशी (28 वर्ष), निवासी हथनेवरा, थाना चांपा को 20 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया था। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।
मामले की आगे की विवेचना में पुलिस को चोरी का माल खरीदने वाले आरोपित योगेश्वर कुमार साहू के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी के 10 किलो स्क्रैप कॉपर वायर को 6 हजार रुपये में खरीदना स्वीकार किया।इसके बाद पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस चोरी के माल की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रधान उपनिरीक्षक गोपी सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक मुद्रिका दुबे सहित थाना चांपा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपितों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

