home page

चिट्टा बेचने ग्राहक तलाश रहा आरोपित गिरफ्तार, 3.08 ग्राम मादक पदार्थ जब्त

 | 
चिट्टा बेचने ग्राहक तलाश रहा आरोपित गिरफ्तार, 3.08 ग्राम मादक पदार्थ जब्त


धमतरी, 25 सितंबर (हि.स.)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने एकलव्य स्टेडियम के पास चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसके कब्जे से 3.08 ग्राम चिट्टा और मोबाइल फोन सहित कुल 71,600 रुपये का मशरूका जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि, एक व्यक्ति एकलव्य स्टेडियम के पास मादक पदार्थ लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पीएसआई संदीप अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया। विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.08 ग्राम मादक पदार्थ चिट्टा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 61,600 रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 10 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस ने कुल 71,600 रुपये का मशरूका जब्त किया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान विवेक नरसिंग दानी (33), पिता मनोहर नरसिंग दानी, निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी के रूप में हुई है। मामले में सिटी कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि, नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा