home page

जांजगीर-चांपा में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर किया अनाचार

 | 
जांजगीर-चांपा में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर किया अनाचार


मोबाइल में मिले अश्लील फोटो-वीडियो

जांजगीर-चांपा, 25 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बम्हनीडीह थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार कर आज रविवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की जांच के दौरान आरोपित के मोबाइल फोन में अश्लील फोटो और वीडियो भी मिले हैं, जिसके बाद प्रकरण में आईटी एक्ट की धारा 67(क) भी जोड़ी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को पीड़िता ने बम्हनीडीह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्राम पिसौद, थाना जांजगीर निवासी करन कुमार सूर्यवंशी (19 वर्ष) ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 91/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बम्हनीडीह पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपित के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें अश्लील फोटो और वीडियो मिलने की जानकारी सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(क) भी जोड़ी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT