जांजगीर-चांपा में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
जांजगीर-चांपा, 25 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय व्यक्ति पर नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 24 अक्टूबर की है। पीड़ित नाबालिग बच्ची अपने घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपित ने कथित तौर पर उसे बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना की शिकायत सामने आने के बाद शिवरीनारायण पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपित के निवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के दौरान अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपित छोटेलाल साहू (55 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपित को आज रविवार काे न्यायालय में पेशकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया।
इस कार्रवाई में शिवरीनारायण थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, एम. पुष्पा, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, प्रधान आरक्षक मोहन साहू, रामसरकार, राजेश कश्यप, विकास शर्मा, यशवंत पाटले सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

