home page

ज्वेलर्स शॉप में डकैती की योजना बना रहे पांच आरोपित गिरफ्तार

 | 
ज्वेलर्स शॉप में डकैती की योजना बना रहे पांच आरोपित गिरफ्तार


रायपुर, 6 सितंबर (हि.स.)। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के कचना इलाके में ज्वेलर्स शॉप में डकैती की योजना बना रहे पांच आरोपितों को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने आज रविवार को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से धारदार हथियार, चार मोबाइल फोन और दो वाहन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को सूचना मिली थी कि खम्हारडीह क्षेत्र के एक खेल मैदान में कुछ युवक दोपहिया और चारपहिया वाहनों में धारदार हथियार लेकर लूट-डकैती की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साईबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट एवं थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पांच लोगों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने कचना क्षेत्र के आसपास किसी ज्वेलर्स शॉप में डकैती करने की योजना बनाना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो बटनदार धारदार चाकू, एक स्टील का बड़ा चाकू, दो कैंची, एक स्टील पाइप, चार मोबाइल फोन, होंडा वाहन क्रमांक सीजी 04 क्यूटी 4258 तथा टाटा एस डीआई वाहन क्रमांक सीजी 04 जेडी 9030 बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान महेश धीवर (24), नितिन उर्फ सोनू बैस (24), खेमलाल सेन (27), लक्ष्मण साहू (25) और पियुष कुमार साहू (19), सभी निवासी खम्हारडीह क्षेत्र, रायपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 348/26 के तहत धारा 310(4) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों लक्ष्मण साहू पूर्व में आबकारी एक्ट एवं मारपीट के मामलों में तथा खेमलाल सेन मारपीट के मामले में जेल जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर