अनूपपुर: मोबाइल दुकान चोरी का आरोपी गिरफ्तार,1.20 लाख का सामान बरामद
अनूपपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की वेंकटनगर पुलिस चौकी ने मोबाइल दुकान में हुई चोरी के आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी किए गए 1.20 लाख रुपये के मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
चौकी प्रभारी प्रवीण साहू ने बताया कि 27 अगस्त को ग्राम सिंघौरा निवासी रावेन्द्र गुप्ता ने वेंकटनगर पुलिस चौकी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी रावेन्द्र गुप्ता ने बताया कि उनकी मोबाइल दुकान के पीछे का दरवाजा अंदर से खुला था और टीन शेड उखड़ा हुआ था। दुकान से अलग अलग कंपनियों के 6 एंड्रॉइड फ़ोन, 7 ब्लूटूथ डिवाइस, 5 चार्जर एडाप्टर व केबल, 9 नेक बैंड ब्लूटूथ हेडफोन और कुछ नकदी गायब थी। गुप्ता की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया।
पूछताछ में संदिग्ध ने अपना नाम राजा शंकर शाह परस्ते (19), निवासी ग्राम कपरिया, थाना जैतहरी बताया। उसने दुकान में चोरी करने की बात कबूल की और बताया कि चोरी का सामान उसने अपने घर के कमरे में एक झोले में रखा है। निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया। आरोपी मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था, तभी मुखबिर से सूचना मिली। आरोपी को गिरफ्तार कर अनूपपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

