रायपुर: सूने मकानों और वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो और आरोपित गिरफ्तार, 8 मामलों का खुलासा
रायपुर, 27 जून (हि.स.)। राजधानी रायपुर की आवासीय कॉलोनियों में सूने मकानों और दोपहिया वाहनों की चोरी करने वाले गिरोह के दो फरार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आशुतोष सिंह उर्फ सूरज और साहिल सोनकर को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले इसी मामले में आरोपित सिद्धार्थ सिंह उर्फ सिद्धू को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने डीडी नगर थाना क्षेत्र के पांच सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। इसके अलावा डीडी नगर क्षेत्र से दो और राखी थाना क्षेत्र से एक दोपहिया वाहन चोरी किया था। इस कार्रवाई के साथ कुल आठ चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
जांच में सामने आया कि, आरोपित गिरोह बनाकर चोरी की दोपहिया वाहनों से शहर में घूमते थे और बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसी वजह से आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111 (संगठित अपराध) भी जोड़ी गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त दो एक्टिवा वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है। इससे पहले गिरफ्तार आरोपित सिद्धार्थ सिंह से करीब 4 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया था। तीनों आरोपितों से अब तक कुल 8.50 लाख रुपये का चोरी का सामान जब्त किया जा चुका है।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने सिद्धार्थ सिंह के साथ मिलकर डीडी नगर और राखी थाना क्षेत्र में चोरी और नकबजनी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में डीडी नगर थाना के पांच नकबजनी तथा तीन दोपहिया वाहन चोरी सहित कुल आठ प्रकरणों का सफल खुलासा किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

