home page

तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला एक आरोपित गिरफ्तार

 | 
तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला एक आरोपित गिरफ्तार


जगदलपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। बस्तर जिले के नगरनार थाना क्षेत्र में जमीन सीमांकन के दौरान धारदार तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के कब्जे से एक धारदार लोहे की तलवार भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्‍स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई के उपरांत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया।

पुलिस से मिली जनकारी के अनुसार ग्राम मारकेल शिवनागुड़ापारा में आज गुरूवार काे जमीन सीमांकन का कार्य चल रहा था। इसी दौरान विश्वकर्मा कश्यप (55 वर्ष) निवासी मारकेल शिवनागुड़ापारा, थाना नगरनार, धारदार लोहे की तलवार लहराकर लोगों को भयभीत कर रहा था, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना नगरनार पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपि‍त को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे की तलवार बरामद कर जब्त की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अजय साहू, आरक्षक नेलसन टोप्पो, विक्रम उरांव और चालक आरक्षक अविनाश कुमार का याेगदान रहा। पुलिस ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने तथा हथियारों के बल पर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे