home page

फर्जी सैलरी स्लिप से 14 लाख का लोन लेने वाला गिरफ्तार

 | 
फर्जी सैलरी स्लिप से 14 लाख का लोन लेने वाला गिरफ्तार


कानपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की आईआईटी शाखा से फर्जी सैलरी स्लिप और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर 14 लाख रुपये का एक्सप्रेस क्रेडिट पर्सनल लोन लेने के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुकदमा दर्ज होने के करीब नौ महीने बाद शनिवार को उसे आईआईटी-कल्याणपुर जीटी रोड से पकड़ा गया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

बैंक के अनुसार, तात्या टोपे नगर, रविदास पुरम, उद्योग नगर निवासी शिवम ने 13 जनवरी 2023 को 14 लाख रुपये का लोन लिया था। उसकी मासिक किस्त 27,663 रुपये थी। कुछ समय तक किस्त जमा करने के बाद उसने भुगतान बंद कर दिया। 11 जून 2024 को खाता अनियमित हो गया। बैंक के मुताबिक, उस पर 12 लाख 29 हजार 47 रुपये से अधिक बकाया है।

भुगतान नहीं होने पर बैंक ने लोन के दौरान जमा दस्तावेजों की जांच कराई। शिवम ने नौकरी के प्रमाण के तौर पर पशु जैविक औषधि संस्थान के उपनिदेशक के नाम से जारी सैलरी स्लिप लगाई थी। सत्यापन में पता चला कि वह संस्थान में कभी नौकरी नहीं करता था और उसके नाम से कोई सैलरी स्लिप जारी नहीं हुई थी। उसने अंडरटेकिंग, शपथपत्र और बैंक इकरारनामा समेत अन्य दस्तावेज भी लगाए थे।

बैंक के ब्रांच ऑपरेशन मैनेजर चिन्मय आदित्य मिश्रा ने 19 मई 2025 को कल्याणपुर थाने में शिकायत की थी। मुकदमा दर्ज नहीं होने पर उन्होंने एसीजेएम कक्ष संख्या-दाे की अदालत में प्रार्थनापत्र दिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शातिर अपराधी को आईआईटी-कल्याणपुर जीटी रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब फर्जी दस्तावेज और सैलरी स्लिप तैयार करने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप