home page

युवती को गोली मारकर हत्या के प्रयास का आरोपित गिरफ्तार

 | 
युवती को गोली मारकर हत्या के प्रयास का आरोपित गिरफ्तार


जयपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। सांगानेर सदर थाना इलाके के रीको सीतापुरा स्थित इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में 26 अगस्त की शाम युवती को गोली मारकर हत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित युवती की बहन का सगा देवर है और वह युवती पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। युवती के इनकार से नाराज होकर आरोपित ने उसे अकेला पाकर सीने में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित आकाश शाक्य (27) निवासी बसेड़ी जिला धौलपुर है। पुलिस आरोपित से हथियार की खरीद और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।

सांगानेर सदर थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा के अनुसार 26 अगस्त 2026 की शाम जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि रीको सीतापुरा के इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में एक युवती को गोली मार दी गई है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवती को उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल, सीतापुरा में भर्ती कराया गया था।

सूचना मिलते ही सांगानेर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने एफएसएल मोबाइल यूनिट को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल युवती के स्वास्थ्य की जानकारी ली। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। वहीं इस वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपित आकाश शाक्य को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त देशी कट्टा और मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आकाश शाक्य घायल युवती की बहन का सगा देवर है। इसी रिश्तेदारी के कारण दोनों की पहले से जान-पहचान थी। आरोपी युवती से शादी करना चाहता था और उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। हालांकि युवती अपने परिजनों के खिलाफ जाकर आरोपी से शादी करने के लिए तैयार नहीं थी।

युवती द्वारा लगातार शादी से इनकार किए जाने से आरोपित नाराज था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में आरोपित ने देसी कट्टा खरीदा और 26 अगस्त की शाम युवती को अकेला पाकर उसके सीने में गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। हथियार आरोपित तक कैसे पहुंचा और उसने इसे कहां से खरीदा, इस संबंध में पुलिस पूछताछ कर रही है। घायल युवती का महात्मा गांधी अस्पताल, सीतापुरा में उपचार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश