अम्बिकापुर : आईपीएस अधिकारी के बेटे से मारपीट और चाकूबाजी के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार
अम्बिकापुर, 13 सितंबर (हि.स.)। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रवि कुर्रे के बेटे पर जानलेवा हमला करने और चाकूबाजी के चर्चित मामले में सरगुजा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपितों में महामाया चौक निवासी आशुतोष गुप्ता (22 वर्ष) और मायापुर निवासी गणेश कुमार उर्फ गोलू (27 वर्ष) शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने रविवार को आरोपितों की हेकड़ी निकालते हुए कोतवाली थाने से लेकर जिला न्यायालय तक उनका पैदल जुलूस निकाला, जिसके बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया।
मामला बौरीपारा तालाब रिंग रोड के पास का है, जहां नाम पुकारने के विवाद को लेकर आरोपितों ने आईपीएस अधिकारी के पुत्र लेखांश कान्त के साथ गाली-गलौज करते हुए बेल्ट, कड़े और हाथ-मुक्कों से बुरी तरह मारपीट की थी। विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने चाकू से भी जानलेवा हमला कर दिया था। इस घटना के बाद सरगुजा रेंज के डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल (भापुसे) ने कोतवाली पुलिस को आरोपितों के खिलाफ सख्त वैधानिक कदम उठाने और फरार बदमाशों को तत्काल दबोचने के कड़े निर्देश दिए थे।
कोतवाली पुलिस इस मामले में एक आरोपित रतन गुप्ता को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी थी, जबकि गणेश और आशुतोष फरार चल रहे थे। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। जांच में यह भी सामने आया कि पकड़ा गया आरोपित गणेश उर्फ गोलू पिछले वर्ष बौरीपारा में प्रार्थी सौरभ मिश्रा के घर में घुसकर मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ की वारदात में भी वांछित था। उस प्रकरण में छह आरोपित पहले ही जेल जा चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

