ट्रक चालक को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाला आरोपित गिरफ्तार
दंतेवाड़ा, 27 जून (हि.स.)। गीदम पुलिस ने सड़क दुर्घटना के बाद ट्रक चालक को कथित रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में एक आरोपित को आज शनिवार काे जेल दाखिल कर दिया गया है।
गीदम पुलिस से मिली जनकारी के अनुसार, 11 जून 2026 को बंजारी घाटी के पास एक ट्रक और मर्सिडीज कार के बीच सड़क दुर्घटना हुई थी। आरोप है कि दुर्घटना के बाद कार चालक ने ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू उर्फ सोनू के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा वाहन क्षति के नाम पर पैसे की मांग करते हुए पैसे नहीं देने पर जान से मारने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। पुलिस के अनुसार घटना से मानसिक रूप से आहत और भयभीत होकर ट्रक चालक ने अगले दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या से पहले उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर घटना और कथित प्रताड़ना से संबंधित कई वीडियो भी अपलोड किए थे। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा गवाहों के बयान, सोशल मीडिया वीडियो, मोबाइल स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने कार चालक सागर हेमला (42 वर्ष), निवासी गंगालूर बेस कैंप, थाना गंगालूर, जिला बीजापुर को गिरफ्तार कर लिया। थाना गीदम में इस मामले में अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 115(2), 296, 351(3) और 108 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

