बिहार-यूपी के साइबर फ्रॉड की रकम खाते में लेने वाला आरोपी गिरफ्तार, बैंक खाते से जुड़े मिले ठगी के सबूत
किशनगंज, 07 जुलाई (हि.स.)। बिहार और उत्तर प्रदेश में हुए साइबर ठगी के मामलों से जुड़ी अवैध राशि अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर उसका उपयोग करने के आरोप में किशनगंज साइबर थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के निर्देशन में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। साइबर थाना कांड संख्या 18/2026, दिनांक 5 जुलाई 2026 के अनुसंधान के दौरान वैज्ञानिक, तकनीकी एवं वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर गलगलिया थाना क्षेत्र के धमेलगाछ निवासी चंदन कुमार मंडल, पिता-ललित मंडल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार जांच में यह सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते का इस्तेमाल बिहार एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न साइबर ठगी के मामलों से प्राप्त अवैध धनराशि के हस्तांतरण, उपयोग और निकासी के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि डिजिटल साक्ष्य, बैंकिंग लेन-देन का विश्लेषण तथा अन्य तकनीकी जांच में आरोपी की संलिप्तता प्रथम दृष्टया स्थापित होने के बाद उसे विधिसम्मत तरीके से गिरफ्तार किया गया। मामले में साइबर अपराधियों के नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन की श्रृंखला, अन्य लाभार्थी खातों तथा संभावित सहयोगियों की पहचान के लिए गहन जांच जारी है।
अनुसंधान में मिले साक्ष्यों के आधार पर इस संगठित साइबर अपराध से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक पोको कंपनी का मोबाइल फोन, आईडीबीआई बैंक का एक एटीएम कार्ड, एसबीआई बैंक का एक एटीएम कार्ड तथा आईडीबीआई बैंक की एक चेकबुक बरामद की है। इस कार्रवाई में साइबर पुलिस उपाधीक्षक रवि शंकर के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक संदीप कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सूरज कुमार, वेद प्रकाश निषाद तथा सिपाही अकमल शामिल रहे।
किशनगंज पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन या साइबर धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम थाना अथवा साइबर थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

