67.43 लाख की साइबर ठगी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष म्यूल हंटर अभियान के तहत फलोदी पुलिस ने लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 67.43 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते का संबंध विभिन्न राज्यों में दर्ज पांच साइबर ठगी की शिकायतों से सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि म्यूल खातों के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अधिकाधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र से प्राप्त म्यूल खातों की सूची के आधार पर पुलिस थाना जाम्बा में 21 अप्रैल को मामला दर्ज कर जांच साइबर पुलिस थाना फलोदी को सौंपी गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण में सामने आया कि संदिग्ध खाते का उपयोग विभिन्न राज्यों में दर्ज पांच साइबर ठगी की घटनाओं में किया गया, जिनमें कुल लगभग 67.43 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण, वृताधिकारी अचलसिंह देवड़ा तथा साइबर थाना प्रभारी भवानीसिंह के निर्देशन में निरीक्षक सलीम मोहम्मद के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए गीलों की ढाणी, थाना जाम्बा निवासी मनीष पुत्र बचनाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से साइबर अपराधों के नेटवर्क, बैंक खातों के उपयोग तथा अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

