कमीशन के लालच में साइबर ठगों को बैंक खाता देने वाला आरोपित गिरफ्तार
जयपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। वैशाली नगर थाना पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए कमीशन के लालच में बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। जयपुर पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे म्यूल हंटर अभियान के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मोबाइल, दो सिम कार्ड और दो एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि वैशाली नगर थाना पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए कमीशन के लालच में बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपित अंकित जांगिड़ निवासी करणी विहार जयपुर को गिरफ्तार किया है।
वैशाली नगर थानाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित ने कमीशन के लालच में साइबर ठगी करने वाले गिरोह को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था। इस खाते के माध्यम से 15 लाख रुपये से अधिक की ठगी की राशि का लेन-देन किया गया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे पैसों या कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक, इंटरनेट बैंकिंग या यूपीआई से जुड़ी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध नहीं कराएं। ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध में होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

