ब्यूटी पार्लर में महिला के छिपकर बनाए आपत्तिजनक वीडियो, आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थानान्तर्गत शोभावतों की ढाणी में चल रहे एक ब्यूटी पार्लर में आने वाली महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने का मामला सामने आया है। एक पीडि़ता की तरफ से चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में इसकी रिपोर्ट दी गई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी गोविंद व्यास ने बताया कि एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दी थी। बताया कि वो शोभावतों की ढाणी के एक सैलून में गई थी। वहां काम करने वाली एक महिला आकर्षक ऑफर देती है और बोलती है कि कम पैसों में आपका बॉडी मसाज, बॉडी वैक्स और ब्लीच हो जाएगा। आकर्षक ऑफर देकर वह उन्हें अपने चंगुल में फंसा लेती हैं। बाद में जब वह महिलाओं की बॉडी मसाज करती है तो फोन के कैमरे की मदद से अन्य व्यक्ति द्वारा फोटोस और वीडियो बनाए जाते हैं।
इसका पता चलने पर वहां गई महिला की ओर से विरोध जताया गया। उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और केतु निवासी देवेन्द्र उर्फ देवाराम पुत्र नखताराम सेन को शांतिभंग की धाराओं में गिरफ्तार किया गया। बाद में महिला की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू की गई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

