अनूपपुर: मवेशी विवाद में वृद्ध की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
अनूपपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के गोडारू गांव में 55 साल के स्वामी सिंह गोंड की हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार- शनिवार की रात आरोपी को शहडोल जिले से गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि आरोपी और मृतक के बीच मवेशी चराने को लेकर पुराना विवाद था। आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुरुवार शाम को स्वामी सिंह गोंड गोडारू गांव में एक खेत के पास अपने मवेशी चरा रहे थे। तभी 26 साल का श्यामसुंदर महरा भी अपनी मवेशी लेकर उसी जगह आ गया। श्यामसुंदर ने स्वामी सिंह को वहां मवेशी चराते देख आपत्ति जताई। उसने कहा कि यह उसकी मवेशी चराने की जगह है। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद इतना बढ़ा कि श्यामसुंदर ने स्वामी सिंह गोंड के हाथ में रखी टांगी (कुल्हाड़ी) छीन ली। उसी टांगी से उसने स्वामी सिंह के सिर और चेहरे पर कई वार किए। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से स्वामी सिंह गोंड के शरीर से बहुत खून बह गया। कुछ ग्रामीणों ने घटना की जानकारी स्वामी सिंह के परिवार को दी। जब तक परिवार वाले मौके पर पहुंचे, ज्यादा खून बह जाने से स्वामी सिंह गोंड की वहीं मौत हो चुकी थी।
पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी जरूरी सबूत इकट्ठा किए। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी श्यामसुंदर महरा को पुलिस ने शहडोल जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

