home page

अनूपपुर: महिला चिकित्साकों एवं नर्सिंग स्टाफ से अभद्रता करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

 | 
अनूपपुर: महिला चिकित्साकों एवं नर्सिंग स्टाफ से अभद्रता करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल


अनूपपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय स्थित जिला चिकित्सालय में महिला चिकित्साकों एवं नर्सिंग स्टाफ से अभद्रता धमकी दे शासकीय कार्य में बाधा डालने वाला आरोपी संतोष तिवारी निवासी कपिलधारा कालोनी, बरबसपुर (अनूपपुर) को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

उल्लेखनीय है कि शासकीय जिला चिकित्सालय अनूपपुर में कार्यरत महिला चिकित्सक डाक्टर ज्योति पटेल, डॉ.एस.सी.राय, डॉ. कमलेश बघेल, डॉ. वीरेन्द्र खेस, डॉ. संजय सिहं, डॉ. राजकुमार गोड़, डॉ. जनक सारीवान, डॉ. प्रवीण शर्मा, डॉ. सोसन खेस नर्सिंग आफिसर गरिमा मिश्रा के प्रतिनिधि मंडल द्वारा पुलिस अधीक्षक विक्रान्त मुराब से मिलकर थाना कोतवाली अनूपपुर में लिखित आवेदन पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई गई कि 18 जून 2026 को डा. ज्योति पटेल शासकीय जिला चिकित्सालय अनूपपुर में महिला रोगी ओपीडी में महिला रोगियों की चिकित्सा का शासकीय कार्य कर रही थी जिनके साथ डाक्टर सोसन खेस, नर्सिंग आफिसर गरिमा मिश्रा भी अपने शासकीय कार्य को कर रहे थे। महिला रोगी कक्ष में 10-12 महिलाये अपना ईलाज करा रही थी तभी अचानक संतोष तिवारी नाम का व्यक्ति बिना अनुमति अपने मोबाईल फोन से वीडियो बनाते हुए तेज आवाज में चिल्लाते हुए प्रवेश किया और बिना अनुमति महिला डाक्टरों के बिल्कुल चेहरे के बिल्कुल नजदीक आकर वीडियो बनाने लगा और वहां मौजूद महिला रोगियों का भी निजता भंग करने वाला वीडियो बनाने लगा। महिला डाक्टर द्वारा उस व्यक्ति को मोबाईल फोन से वीडियो बनाने से मना किया तो तेज आवाज में अभद्रता पूर्वक बात करने लगा एवं करीब 30 मिनट से 45 मिनट तक संतोष तिवारी वहां पर न्यूसेंस करता रहा जिससे डाक्टर अपना रोगियों के ईलाज का शासकीय कार्य नहीं कर सके। जिस पर थाना कोतवाली में संतोष तिवारी के विरूद्ध अपराध की धारा 221,224,329(3),329 (4), 332 (सी), 77,351 (2) बी.एन.एस. 3/4 चिकित्सक या चिकित्सा से संबंधित व्यक्तियो की सुरक्षा अधिनियिम पंजीबद्ध किया गया।

ज्ञात हो कि आरोपी संतोष तिवारी की धर्मपत्नी शैफाली तिवारी द्वारा आये दिन पति द्वारा मारपीट गाली गलौच मारपीट कर प्रताड़ित किये जाने पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध की धारा 85, 296बी, 115(2), 351(2) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया है। इसी तरह स्पान मिनरल्स प्रायवेट कंपनी लिमिटेड ग्राम चटुआ के सुपरवायजर गणेश सोनी के साथ 12 जून 26 को मां बहन की गन्दी गन्दी गालियां देकर मारपीट करने और धमकी दिये जाने की रिपोर्ट पर संतोष तिवारी के विरूद्ध अपराध की धारा 296बी, 115(2), 351(2) बी.एन.एस. पंजीबद्ध किया गया है।

बुधवार को टी.आई. कोतवाली अनूपपुर अरविन्द जैन के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, सउनि. गोविन्द पनिका, प्रधान आरक्षक संदीप साहू, प्रधान आरक्षक शेख रसीद, प्रधान आरक्षक नितिन नामदेव, प्रधान आरक्षक खेमराज एवं महिला आरक्षक अंकिता सोनी की टीम के द्वारा 46 वर्षीय संतोष तिवारी पुत्र ऋषिराम तिवारी मूल निवासी ग्राम छिल्पा चौकी फुनगा थाना भालूमाड़ा वर्तमान निवासी कपिलधारा कालोनी, बरबसपुर अनूपपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय प्रस्तुलत किया गया जहां जेल भेज दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला