मोबाइल चोरी कर यूपीआई से 1.56 लाख निकालने वाला दो साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
पन्ना, 31 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में मोबाइल चोरी कर उसके जरिए बैंक खाते से 1.56 लाख रुपये निकालने के मामले में दो साल से फरार आरोपी को देवेन्द्रनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को यह सफलता मिली।
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष सिंह यादव ने बताया कि बड़ौर कुँवरपुर निवासी प्रकाश सिंह उर्फ मिंटू ने 14 अप्रैल 2024 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 10 फरवरी 2024 को उसके घर के बाहर से परिचित लोगों ने उसका रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन चोरी कर लिया था।
पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए मोबाइल में फरियादी की सिम लगी थी और उसमें पहले से फोन-पे ऐप संचालित था। आरोपी ने सिम और मोबाइल का दुरुपयोग करते हुए फरियादी के बैंक खाते से अलग-अलग तरीके से कुल 1,56,000 रुपये निकाल लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
लगातार तलाश के बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सटीक सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल चोरी करने और उसके बाद बैंक खाते से रुपये निकालने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप वर्मन (35), पिता हुलासी वर्मन, निवासी ग्राम पड़रिया कला, थाना पवई के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपी से मामले में आगे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी तथा ऑनलाइन ठगी की इस वारदात में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

