सरकारी अधिकारी पर हमला करने के आरोपित को सात दिनों की न्यायिक हिरासत
कूचबिहार, 09 जुलाई (हि. स.)। जिले के बॉक्सिरहाट इलाके में एक सरकारी अधिकारी पर हमले की घटना सामने आई है। घटना तुफानगंज दो नंबर ब्लॉक के बालाकुठी क्षेत्र में बुधवार रात की है। इस मामले में आरोपित नारायण बर्मन को गिरफ्तार कर गुरुवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सात दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कार्यों की प्रगति की जांच करने के लिए कार्यकारी सहायक सुबल चंद्र राय क्षेत्र में सर्वे करने पहुंचे थे। उन्होंने निरीक्षण किया कि योजना के लाभार्थियों को दो किस्तों में राशि मिलने के बाद निर्माण कार्य कितना पूरा हुआ है। इसी क्रम में वे लाभार्थी नारायण बर्मन के घर पहुंचे।
आरोप है कि जब अधिकारी ने यह पूछा कि पैसे मिलने के बावजूद घर का निर्माण क्यों नहीं हुआ, तो नारायण बर्मन आक्रोशित हुए। उन्होंने बिना किसी बहस के अचानक सुबल राय के साथ मौजूद एक युवक एवं सरकारी अधिकारी पर धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की। जान बचाने के लिए सुबल राय पास के निवासी सुनील बर्मन के घर में शरण लेने पहुंचे, लेकिन आरोपित वहां भी पीछा करते हुए पहुंच गया। सुनील बर्मन जब उन्हें बचाने आए तो आरोपित ने उनके चेहरे पर जोरदार मुक्का मारा, जिससे उनके चार दांत टूट गए और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद बॉक्सिरहाट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित नारायण बर्मन को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उसे तुफानगंज सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे सात दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

