वैज्ञानिक खेती के नाम पर 50 लाख की ठगी करने का आरोपित गिरफ्तार
सरकारी सब्सिडी दिलाने का झांसा देकर लोगों से करता था धोखाधड़ी
प्रयागराज, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में स्थित जार्जटाउन थाने की पुलिस टीम ने गुरुवार को वैज्ञानिक खेती के नाम पर सरकारी सब्सिडी दिलाने का प्रलोभन देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को विद्यावाहिनी बस स्टैंड के पास से दबोचा।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सुशील कुशवाहा पुत्र राम नरेश कुशवाहा निवासी माधोपुर पट्टी खरकौनी, नैनी का रहने वाला है। आरोपित के खिलाफ जार्जटाउन थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी, अमानत में खयानत और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
डीसीपी नगर के अनुसार आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर वादी को वैज्ञानिक खेती का लालच दिया था। आरोपितों ने कहा था कि खेती में आने वाली लागत का 80 प्रतिशत हिस्सा सरकारी सब्सिडी के रूप में वापस दिलाया जाएगा। इस झांसे में लेकर वादी से करीब 50 लाख रुपये अग्रिम धनराशि के तौर पर ले लिए गए थे। बाद में न तो सब्सिडी मिली और न ही पैसा वापस किया गया।
मामले की जांच के दौरान आरोपित फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर थाना जार्जटाउन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपित के खिलाफ प्रयागराज और वाराणसी के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी और ठगी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी योगेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विपिन गुप्ता, कांस्टेबल सतेन्द्र कुमार, शिवम आर्या और राजीव रंजन यादव शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

