बलरामपुर : पशु तस्करी मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार, अब तक 12 भैंस व दो वाहन जब्त
बलरामपुर, 16 जून (हि.स.)। आज मंगलवार को राजपुर थाना पुलिस ने पशु तस्करी के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में सलमान उर्फ सहजाद आलम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। प्रकरण में अब तक दो आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 12 भैंस, एक पिकअप वाहन और एक ब्रेजा कार जब्त की जा चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 जून 2026 को थाना राजपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मवेशियों को क्रूरतापूर्वक पिकअप वाहन में भरकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम गोपालपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक यूपी-65 क्यूटी-1375 को रोका और उसकी जांच की।
जांच के दौरान वाहन में मवेशियों को अमानवीय और क्रूरतापूर्ण तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ पाया गया। पुलिस ने मौके से पिकअप चालक अशोक गिरी, निवासी चकिया, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए थे।
विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपित आपस में मिलकर मवेशियों को वध के लिए उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी में थे। मामले की जांच के दौरान फरार आरोपित सलमान उर्फ सहजाद आलम, पिता मुमताज आलम, उम्र 28 वर्ष, निवासी विष्णुपुरा महादेवपुर, चौकी डीन्दो, थाना त्रिकुंडा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की लगातार तलाश की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध पशु परिरक्षण अधिनियम 2024 की धारा 4, 6 एवं 10, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(डी) तथा बीएनएस की धारा 3(5) के तहत थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 147/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
पुलिस के अनुसार प्रकरण में अब तक दो आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, एक ब्रेजा कार तथा कुल 12 भैंसों को जब्त किया गया है। जब्त किए गए पशुओं को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है। मामले में फरार अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
बलरामपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पशु तस्करी, अवैध पशु परिवहन अथवा पशुओं के प्रति क्रूरता से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

