home page

कोरबा : भाटापारा में ज्वेलर्स से 12 लाख की लूट का फरार आरोपित गिरफ्तार

 | 
कोरबा : भाटापारा में ज्वेलर्स से 12 लाख की लूट का फरार आरोपित गिरफ्तार


काेरबा, 17 अगस्त (हि.स.)। भाटापारा पुलिस ने ज्वेलर्स संचालक से करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूटने के मामले में फरार चल रहे अंतरराज्यीय गिरोह के शातिर आरोपित कौशलेश त्रिपाठी को कोरबा के सीतामढ़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, 61 हजार 950 रुपये नकद और पैन कार्ड बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को ग्राम रोहरा निवासी और दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। रोहरा हाईस्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट कर मोबाइल फोन व एक्टिवा की चाबी छीन ली। इसके बाद उनके बैग में रखी करीब 13 किलो चांदी और 70 ग्राम सोना, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये थी, लूटकर फरार हो गए।

घटना की रिपोर्ट पर भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपिताें को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि कौशलेश त्रिपाठी फरार चल रहा था।

तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोरबा के सीतामढ़ी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित मूल रूप से प्रयागराज, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में गुजरात के जामनगर में रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक आरोपित के खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा, लूट, डकैती और चोरी सहित 25 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपित वारदात के दौरान घातक हथियारों का इस्तेमाल करने से भी नहीं चूकता था।

इस गिरफ्तारी के साथ ही लूट के मामले में अब तक पांच आरोपिताें की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपित को आज साेमवार काे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी