home page

थाईलैंड की महिला ने कानपुर के युवक पर लगाए 60 लाख की ठगी और धर्म परिवर्तन के दबाव के आरोप

 | 
थाईलैंड की महिला ने कानपुर के युवक पर लगाए 60 लाख की ठगी और धर्म परिवर्तन के दबाव के आरोप


कानपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। थाईलैंड की एक महिला ने कानपुर के इरफान नाम के युवक पर शादी के बाद करीब 60 लाख रुपये लेने और रकम वापस मांगने पर भारत में रहने के साथ धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

अपर पुलिस उपायुक्त शिवा सिंह ने मंगलवार को बताया कि थाईलैंड की महिला ने पुलिस के समक्ष शिकायत दी है। महिला के अनुसार करीब चार से पांच वर्ष पूर्व उसकी इंस्टाग्राम के जरिए इरफान से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां हुईं और बाद में थाईलैंड में दोनों ने शादी कर ली।

महिला का आरोप है कि शादी के बाद इरफान ने अलग-अलग जरूरतों के नाम पर उससे करीब 60 लाख रुपये ले लिए। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे भारत आकर स्थायी रूप से रहने के लिए कहा। आरोप है कि इसी दौरान उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव भी बनाया गया।

शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि इरफान ने उससे शादी के समय अपनी वैवाहिक स्थिति और निजी जीवन से जुड़ी सही जानकारी नहीं दी थी। महिला के अनुसार, बाद में उसे पता चला कि इरफान की करीब 12 वर्ष पहले शादी हो चुकी थी और उसके तीन बच्चे भी हैं। इसके बावजूद उसने थाईलैंड जाकर उससे शादी की।

मामला सामने आने के बाद थाईलैंड की महिला कानपुर पहुंची और पुलिस अधिकारियों से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उसने अपने साथ हुई कथित धोखाधड़ी, रकम लिए जाने और धर्म परिवर्तन के दबाव के संबंध में कार्रवाई की मांग की है।

अपर पुलिस उपायुक्त शिवा सिंह ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप